देश की राजधानी दिल्ली से सनसनीखेज खबर सामने आई है। भलस्वा इलाके में मात्र 40 रुपये को लेकर हुए विवाद में तीन आरोपियों ने फल विक्रेता की उसकी पत्नी के सामने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के दौरान पत्नी आरोपियों से पति को छोड़ने की गुहार लगाती रही। लेकिन आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा।
जानकारी के अनुसार, भलस्वा डेयरी इलाके में तरबूज के 40 रुपये मांगने पर तीन युवकों ने पत्नी के सामने ही दुकानदार की पिटाई कर दी और एक ने उसके पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। घायल दुकानदार को पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों के घरों पर दबिश दी। जहां पता चला कि वह ट्रेन पकड़कर दिल्ली से बाहर भागने वाले हैं। पुलिस ने बाद में उन्हें आजादपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान भलस्वा डेयरी निवासी सुनील, मोनू और मोंटू के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात पुलिस को मुकुंदपुर सर्विस लेन के पास रामू नामक व्यक्ति को चाकू मारने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ रामू को पास के बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।