फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पार्किंग विवाद में दोस्त की गोली मारकर हत्या, कार खड़ी करने पर हुआ था झगड़ा

Mon, 10 Jun 2019 06:56 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
गोली मारने का आरोपी गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रसाद नगर के बापा नगर में शनिवार देर रात गली में पार्किंग के विवाद में एक कपड़ा कारोबारी की उसके दोस्त ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। उस समय कारोबारी बेटी के साथ टहलने निकला था। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। 
विज्ञापन


घायल को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के 12 घंटे बाद आरोपी को नरेला इंडस्ट्रीयल एरिया से गिरफ्तार कर लिया। वह कार से झारखंड भागने की तैयारी में था।

पुलिस के अनुसार, मोहित उर्फ मिथुन (31) ई-ब्लॉक बापा नगर में पिता राजेंद्र, मां मीना, पत्नी रंजना और तीन बेटियों के साथ रहते थे। करोल बाग में टैंक रोड पर कपड़ों का कारोबार करने वाले मोहित शनिवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद बेटी काजल के साथ घर से टहलने के लिए निकले। 
विज्ञापन


कुछ ही दूरी पर नशे में धुत्त कमल चौहान (32) आया और उनसे गाली-गलौज करने लगा। कमल ने चेतावनी दी कि किसी में हिम्मत हो तो मेरी गाड़ी को गली से हटाकर दिखाए। दोनों में विवाद बढ़ गया और हाथापाई होने लगी। इसी दौरान कमल ने पिस्टल से मोहित के सीने में गोली मार दी और भाग निकला। गोली लगने से मोहित लहूलुहान होकर गिर गए। 

पिता को गिरते देख काजल चिल्लाते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मोहित को बीएलके अस्पताल ले गए। वहां मौत के बाद पुलिस को वारदात की सूचना मिली। छानबीन के दौरान आरोपी की पहचान हो गई। सब इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार दोपहर कमल चौहान को नरेला इंडस्ट्रीयल एरिया से गिरफ्तार कर लिया। 

कमल की नरेला इंडस्ट्रीयल एरिया में जींस की फैक्टरी है। गिरफ्तारी के समय वह कार से झारखंड भागने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल, दो कारतूस व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

बचपन के दोस्त थे दोनों

कमल और मोहित बचपन के दोस्त थे। मोहित के पड़ोस में कमल रहता था। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। जिस गली में दोनों रहते थे, वह काफी संकरी है। कमल अपनी डस्टर कार गली में खड़ी कर देता था। इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती थी। इसे लेकर दोस्तों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। 

इससे दोस्ती में भी खटास आ गई थी और बातचीत बंद हो गई। मोहित के परिजनों का कहना है कि गली में दबदबा बनाने के लिए कमल अक्सर फायरिंग करता था। हाल ही में उसने नशे में एक युवक को गोली मारकर गंभीर घायल कर दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें