सोमवार को बकरीद के मौके पर नमाजियों को नमाज स्थल पर पहुंचाने के लिए इस बार भी रोडवेज की मुफ्त सेवाएं मिलेगी। बकरीद की नमाज को लेकर रोडवेज ने तैयारियां कर ली है। जिसमें राजीव चौक से छह घंटे तक नमाजियों के लिए मुफ्त बसें चलेंगी।
बकरीद पर प्रशासन की तरफ से बनाए गए नमाज स्थलों तक नमाजियों को जाने के लिए रोडवेज विभाग ने उचित प्रबंध किए है। हाइवे स्थित ईदगाह मस्जिद के पास से नमाजियों को सेक्टर-29 स्थित लेजरवैली ग्राउंड के लिए सीधी बस सर्विस चलाई जाएगी।
इससे पहले ईद की नमाज के दौरान भी जिला प्रशासन के आदेश पर रोडवेज ने राजीव चौक से लेजरवैली ग्राउंड के लिए मुफ्त बस चलाई थी। रोडवेज के मुताबिक सुबह साढ़े छह से साढ़े ग्यारह बजे तक राजीव चौक से पांच बसों को चलाया जाएगा।
इसके लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। रोडवेज महाप्रबंधक रोहित यादव ने बताया कि सोमवार को राजीव चौक से पांच सिटीबसों को चलाया जाएगा। जो नमाजियों के लिए मुफ्त रहेगी। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। सुबह साढ़े छह बजे बसों को राजीव चौक पर लगा दिया जाएगा।