पल्ला क्षेत्र में चल रहे गीता वशिष्ठ क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार रात को छापेमारी की थी। टीम ने जांच करने के बाद क्लीनिक को सील कर दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर क्लीनिक को चलाने वाली महिला डॉक्टर गीता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ज्ञात हो कि, बुधवार को एक शिकायत पर पल्ला क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की थी। इसमें अवैध तरीके से गर्भपात कराने और प्रतिबंधित दवाएं बेचने का मामला सामने आया था।
देर रात तक चली छापेमारी की कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील कर दिया था। इस मामले की शिकायत पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था।
स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी डॉ. शशि गांधी ने बताया कि फर्जी तरीके से चल रहे क्लीनिक के बारे में विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी। टीम ने जब छापेमारी की तो देखा कि क्लीनिक के अंदर बने टॉयलेट को डिलीवरी रूम बनाया हुआ है।
वहां गर्भपात करने के दौरान उपयोग में आने वाले औजार और एलोपैथिक दवाइयां भी मिलीं, जो बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं ली जा सकती हैं।
आरोपी महिला डॉक्टर से जब डिग्री के बारे पूछा गया तो वह कोई नहीं दिखा पाई। कड़ाई से पूछताछ करने पर वह स्वास्थ्य विभाग की टीम को सिर्फ दाई के अनुभव का प्रमाण पत्र ही दिखा सकी।