केबीसी लकी ड्रॉ में नाम आने और 25 लाख रुपये जीतने का लालच करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। इस चक्कर में वह साढ़े चार लाख रुपये गंवा बैठा। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी मदद न मिलने पर अब चार महीने बाद सीएम से फरियाद की है।
बसेलवा कॉलोनी निवासी भूपेंद्र कुमार एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। आठ अक्तूबर 2014 को उनके मोबाइल पर 14 डिजिट के इस 00923067031300 से फोन आया।
फोन करने वाले ने अपना नाम रोहित बताया। रोहित ने भूपेंद्र को बताया कि उसकी कंपनी केबीसी में पैसा लगाती है। भूपेंद्र का मोबाइल नंबर लकी ड्रॉ में चयन किया गया है और वह 25 लाख रुपये जीत चुकाहै।
रोहित ने आईसीआईसीआई बैंक का अकाउंट नंबर 276601000419 में प्रोसेसिंग फीस के लिए पहले 18,000 रुपये, 47,000 करके उसके 4.32 लाख रुपये जमा करा लिए। अंतिम 36,000 रुपये की राशि पीड़ित ने 16 अक्तूबर को बैंक में जमा कराई थी।
पीड़ित का कहना है कि धोखेबाज ने उसे लग्जरी कार भी जीतने का झांसा दिया था। शक होने पर जब उसने और मांगे गए पैसे देने से इनकार किया और अब तक जमा कराए पैसे मांगे तो रोहित नामक व्यक्ति ने फोन बंद कर लिया।
तब से वह पुलिस के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। अब उसने सीएम दरबार में अपनी फरियाद लगाई है। पीड़ित का कहना है कि इनाम के लालच में उसने लोगों से कर्ज लेकर बैंक में पैसा जमा कराया था।
अब वह कर्ज में डूब चुका है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से अपने डूबे पैसे को दिलाने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।