अगर कोई बिल्डर आपको नोएडा में दो कमरे का फ्लैट 16.50 लाख में और तीन कमरों का 24 लाख रुपये देने का लालच दे, तो जरा संभल कर पैसा लगाएं।
ऐसा न हो कि आपको अवैध जमीन पर बने ये फ्लैट मिल जाएं, जिसके बाद में तमाम परेशानी का सामना करना पड़े।
दरअसल, भू-माफिया प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर अवैध तरीके से फ्लैट बनाकर बेच रहे हैं। इनकी कीमत सेक्टरों की तुलना में काफी कम रखी जाती है, जिससे बाहर से आने वाले लोग आसानी से इन फ्लैटों की ओर आकर्षित हो जाते हैं।
इन फ्लैटों का बाकायदा विज्ञापन भी जारी किया जा रहा है। जगह-जगह बोर्ड लगे दिख जाते हैं। पंफ्लेट भी बांटे जा रहे हैं। सस्ते के चक्कर में लोग इनको खरीद लेते हैं, लेकिन अवैध होने के कारण बिजली, पानी और सीवर का कनेक्शन मिलने में दिक्कत होती है।
साथ ही प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर बने होने के कारण गिराए जाने का भी खतरा रहता है। सेक्टर से सटे गांवों की जमीन पर इस तरह के फ्लैट खूब बन रहे हैं।
भंगेल में भी प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर बन रहे ऐसे फ्लैटों की शिकायत वहां के राहुल, मंगतराम, हरि सिंह आदि ने प्राधिकरण के सीईओ से की है। गांव वालों का आरोप है कि प्राधिकरण से पहले भी कई बार लिखित शिकायत की गई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।