घर बैठे लाखों कमाने का इश्तहार देख आप भ्रमित न हों। बाकायदा पुख्ता जांच करने के बाद ही अगला कदम उठाएं, नहीं तो धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं।
सेक्टर-63 में ऐसी ही नौकरी के नाम पर सैकड़ों युवकों से ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने इन युवकों से लाखों रुपये एेंठ लिए और रफूचक्कर हो गए। कोर्ट के आदेश पर कुछ पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गौरव पुत्र राजेंद्र निवासी 82/10 ए इंद्रापार्क पालम कॉलोनी नई दिल्ली ने शिकायत दी है कि वर्ष 2013 जून में इश्तहारों और मेल के जरिये उसे घर बैठे रुपये कमाने के बारे जानकारी मिली थी।
सेक्टर-63 स्थित कंपनी के कर्ताधर्ता गौरव निवासी 10 ईस्ट शाहदरा दिल्ली, विवेक निवासी बिहार, संदीप निवासी ए-1153 इंद्रपार्क, लक्ष्मी नगर दिल्ली द्वारा पीड़ितों को 16854 रुपये में आईडी दी जा रही थी। इस आईडी का उपयोग कर उसे सभी स्थानों में मेल करने के लिए बोला गया।
प्रत्येक मेल के लिए एक रुपये दिए जा रहे थे। शुरू के तीन चार महीने तो पीड़ितों को कुछ-कुछ रुपये दिए गए। बाद में ठगों ने रुपये देना बंद कर दिया।