दिल्ली के नरेला इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर चली तेज हवा के दौरान एक निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार पड़ोसी की छत पर गिर गई।
टीन शेड की छत गिरने से घर में मौजूद दो बच्चे समेत चार लोग जख्मी हो गए, जिसमें दो महिलाएं शामिल हैं। हादसा देखकर मकान में रहने वाली एक महिला की तबीयत खराब हो गई।
सभी को उपचार के लिए राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नरेला पुलिस ने निर्माणाधीन मकान के मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर नरेला-बवाना मुख्य मार्ग पर स्थित विशाल बाग में एक तीन मंजिला मकान की दीवार गिर गई है। दीवार गिरने से पड़ोसी मलबे में दब गए।
पुलिस ने मलबा हटाकर नीचे दबी राजो देवी (45), रेणू देवी(29), अंजली (12) और सुमित (10) को निकाल कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि हादसे को देखकर तीन मंजिला मकान में रहने वाली रीमा (40) भी बेहोश हो गई। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि राजो देवी और रेणू देवी के सिर में चोट लगी है, वहीं बच्चों के हाथ पैर में चोट है। घायल होने वाली महिलाओं के पति फैक्टरी में काम करते हैं और सभी यहां किराए पर रहते हैं। नरेला पुलिस का कहना है कि मकान मालिक शत्रुघ्न विश्वकर्मा के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद वह फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।