उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में वर्चस्व कायम रखने के लिए कुछ लड़कों ने दो नाबालिगों पर चाकू से हमला कर दिया। नाबालिगों को बचाने आए दो युवकों को भी चाकू मारे गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने सरकारी स्कूल में 12वीं के छात्र सलमान (19) के बयान पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सलमान ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि वह परिवार के साथ नंदनगरी इलाके में रहता है। सलमान ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को वह दोस्त अनीस और साहिल के साथ घूमने गया था।
वापसी में तीनों एमआईजी फ्लैट के पास बने पार्क के पास आकर बैठ गए। पास ही दो नाबालिग खड़े थे, वहां तीन-चार लड़के उन्हें धमका रहे थे। इस बीच लड़कों ने चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया। सलमान और अनीस दोनों को बचाने के लिए भागे तो आरोपियों ने चाकू मार दिए। चारों के शरीर में कई जगह चाकू लगे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक नाबालिग व अनीस की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लूट के विरोध पर कारोबारी को चाकू घोंपा
महेंद्र पार्क में लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने सब्जी कारोबारी को चाकू घोंप दिया। घायल कारोबारी से बदमाश नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस घायल कारोबारी को पास के अस्पताल में ले गई, जहां से उन्हें लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। कैलाश का आजादपुर मंडी में टमाटर का कारोबार है।