फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यशोदा अस्पताल में भर्ती मिले डेंगू के चार मरीज

Wed, 16 Dec 2015 12:37 AM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
भीषण सर्दी में भी भी डेंगू का कहर जारी है। तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसके बावजूद पिछले तीन दिनों में डेंगू की चपेट में आए चार लोगों को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन


इन पीड़ितों में पिलखुआ निवासी एक महिला और तीन लोग लालकुआं और साहिबाबाद के हैं। सर्दी में डेंगू के मरीजों के मिलने से विशेषज्ञ चिंतित हैं। इसको लोगों के रहन-सहन में आए बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि इस साल सबसे अधिक डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसमें से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग सिर्फ दो की मौत की ही पुष्टि कर रहा है।
विज्ञापन


विशेषज्ञों के अनुसार जब तापमान 25 डिग्री से नीचे जाने लगता है तब डेंगू की ब्रीडिंग रुक जाती है । इस समय तापमान अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम सात डिग्री है फिर भी डेंगू के केस मिल रहे हैं।

मच्छरों की बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता से स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है। सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल ने बताया कि यशोदा अस्पताल से डेंगू पीड़ितों की रिपोर्ट मिल गई है।

जहां डेंगू के मरीज मिले हैं वहां दवा का छिड़काव कराया जाएगा। अस्पतालों में भी स्प्रे किया जाएगा। जहां तक हो मच्छरों से बचें और डेंगू के लक्षण दिखने पर चिकित्सक से परामर्श करें।

स्वाइन फ्लू से लड़ने की थी तैयारी... फिर डेंगू
सर्दियों के मौसम में स्वाइन फ्लू फैलने की आशंका चिकित्सकों को सता रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इसको लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया है।

टेमीफ्लू कही दवाई का स्टाक भी किया जा रहा है। डेंगू की ओर से चिकित्सक निश्चिंत हो गए थे। स्वाइन फ्लू के सीजन में डेंगू के मरीज मिलने से विशेषज्ञ हैरान हैं।

सर्दियों में थ्रोट इंफेक्शन के मरीजों की संख्या बढ़ी
सर्दी बढ़ने के साथ ही लोगों में थ्रोट इन्फेक्शन के मामले बढ़ रहे हैं। दोनों सरकारी अस्पतालों में रोजाना पांच सौ से अधिक मरीज आ रहे हैं।

यह मौसम नवजात और चार पांच साल तक के बच्चों के लिए खतरनाक होता है, क्योंकि इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। इसलिए इन बच्चों में साधारण बुखार भी निमोनिया का रूप ले लेता है।

चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में बच्चों को कोल्ड, कफ, डायरिया, निमोनिया, वायरल और चेस्ट इन्फेक्शन का अधिक खतरा रहता है इसलिए इस अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत होती है।

विशेषज्ञ भी हैरान कैसे जिंदा है एडीज
पर्यावरण वैज्ञानिक डा. विवेकराज सिंह का कहना है कि 07/20 डिग्री तापमान पर डेंगू का मच्छर सक्रिय नहीं रह सकता है। हो सकता है जिन मकानों में रहने वालों को डेंगू हुआ है, वहां का सामान्य तापमान कुछ ज्यादा हो।

कई मकानों में तापमान ज्यादा कम नहीं होता है। लोग रूम हीटर आदि लगाकर तापमान को मेंटेन करते हैं। ऐसे में लोगों की बदलती जीवनशैली में मच्छर भी पनपते रहते हैं।
विज्ञापन


यह हो सकता है कारण 
संक्रामक रोग विशेषज्ञ डा. वीके द्विवेदी का कहना है कि डेंगू के मच्छर के काटने के सात से 15 दिन के बीच व्यक्ति में इसके लक्षण दिखाई देते हैं।

ऐसे में हो सकता है कि मच्छर काटने के दौरान तापमान इतना कम न हो और डेंगू का मच्छर उस समय सक्रिय हो।

कैसे करें डेंगू की पहचान
तेज सिरदर्द व बुखार का होना
मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होना
आंखों के पीछे दर्द होना
जी मिचलाना एवं उल्टी होना
गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूढ़ों से खून आना

कैसे रहें सावधान
पानी से भरे हुए बर्तनों व टंकियों आदि को ढक कर रखें
सप्ताह में एक बार कूलर को खाली करके सुखा दें
यह मच्छर दिन के समय काटता है। पूरे शरीर पर  कपड़े पहनें
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें