दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जम्मू-कश्मीर में सूमो से टक्कर मारकर युवक की हत्या करने के मामले में वांछित मुख्यारोपी इंद्रप्रीत सिंह (48) को मोहाली से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वारदात को सड़क हादसा दिखाने का प्रयास किया था। शुरू में हादसे का मामला दर्ज हुआ था। बाद में जांच के लिए एसआईटी बनी थी। आरोपी जम्मू-कश्मीर के पूर्व जेलर का बेटा है। आरोपी के चार साथियों को उम्रकैद हो चुकी है, जबकि पांचवें आरोपी की मौत हो चुकी है। आरोपी ने एमबीए किया हुआ है।
अपराध शाखा के अपर पुलिस आयुक्त संजय भाटिया के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में हत्या के मामले में वांछित इंद्रजीत के छिपे होने के बारे में एसआई संजय राणा को सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी पंकज अरोड़ा की देखरेख में इंस्पेक्टर सुनील, एसआई संजय राणा, एसआई डेजी डागर, एएसआई उमेश कुमार व हवलदार संदीप कुमार की गठित टीम ने आरोपी के दिल्ली, इंदिरापुरम, जम्मू-कश्मीर और पंजाब के ठिकानों पर निगरानी शुरू की।
टीम ने तीन माह की तफ्तीश के बाद इंद्रजीत को मोहाली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर का काम कर रहा था। उसके परिवार का मदनलाल से संपत्ति विवाद था। उसने अपने साथियों के साथ मदनलाल की हत्या की साजिश ऐसे रची, ताकि यह सड़क हादसा लगे। आरोपियों ने एक चालक को 25 हजार रुपये दिए। इसके बाद चालक ने सूमो से पीड़ित के स्कूटर में पीछे से टक्कर मार दी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुरू में सड़क दुर्घटना व लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज किया था।
बाद में एसएसपी सांभा ने एसडीपीओ सांभा की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया तो जांच के बाद मामला हत्या का निकला। आरोपी वर्ष 2010 से ही फरार था। अदालत ने अपराध में शामिल चार सह आरोपियों को दोषी करार देते हुए वर्ष 2022 में उम्रकैदी दी थी। आरोपी के खिलाफ एक मामला गाजियाबाद में भी दर्ज है।