- सुप्रीम कोर्ट के नियमित जमानत याचिका खारिज करने के बाद पहुंचे जेल
- मेडिकल करवाने के बाद सेल में भेजा गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आप नेता सत्येन्द्र जैन धन शोधन मामले में उच्चतम न्यायालय के नियमित जमानत याचिका खारिज किए जाने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार को तिहाड़ जेल पहुंच गए। जेल सूत्रों के अनुसार वह तिहाड़ जेल संख्या सात के सेल में रहेंगे। जेल अधिकारी ने बताया कि सत्येंद्र जैन सोमवार शाम तिहाड़ जेल पहुंचे। सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियमित जमानत खारिज करने के बाद जेल प्रशासन की ओर से उनके पहुंचने से पहले ही जेल में उनके रहने की तैयारी पूरी कर ली गई। जैन शाम करीब छह बजे सरस्वती विहार स्थित अपने घर से जेल में आत्मसमर्पण करने के लिए निकले। जेल पहुंचने पर जेल के अधिकारियों ने पहले उनका मेडिकल करवाया और फिर कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें जेल नंबर सात के सेल में भेज दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने जैन के वकील के उस अनुरोध को खारिज कर दिया, जिसमें उन्हें एक सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था। जमानत खारिज होते ही उन्होंने आत्म समर्पण करने का फैसला किया और इसको लेकर जेल प्रशासन को सूचित किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने 17 जनवरी को उनकी नियमित जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। 26 मई 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने चिकित्सा आधार पर जैन को अंतरिम जमानत दी थी और इसे समय-समय पर बढ़ाया गया था। ईडी ने आप नेता को कथित तौर पर उनसे जुड़ी चार कंपनियों के माध्यम से धन शोधन के आरोप में 30 मई, 2022 को गिरफ्तार किया था। सत्येंद्र जैन के अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व सांसद संजय सिंह भी तिहाड़ जेल में बंद हैं।