नौकरी बहाली की मांग को लेकर चंदगी राम अखाड़ा चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए जुटे बस मार्शलों के समर्थन में तीन मंत्रियों समेत आम आदमी पार्टी (आप) के कई विधायक भी गुरुवार देर रात पहुंच गए। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के जुटने और हंगामा होने से पुलिस ने इनको तितर-बितर करने की कोशिश की। विरोध करने पर पुलिस ने तीनों मंत्रियों सहित कई आप विधायकों को हिरासत में ले लिया। सभी को लेकर पुलिस बुराड़ी पुलिस स्टेशन में पहुंची। मामला शांत होने के बाद थोड़ी देर में सभी को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन
इससे पहले आप विधायकों के साथ मंत्री सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत चंदगी राम अखाड़ा चौराहे पहुंचे। यहां सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हम अपनी दिल्ली सरकार को लेकर आ गए हैं। भाजपा को भी यहां आना चाहिए और अपने एलजी साहब से 10 हजार बस मार्शलों को बहाल करवाना चाहिए। यह लोग भी अपने परिवार के साथ खुशी-खुशी त्योहार मना सकें। एलजी जहां हस्ताक्षर करने के लिए कहेंगे, हम कर देंगे। हमें इन बस मार्शलों को फुटबॉल की तरह इधर-उधर नहीं घुमाना है। हम यहां झगड़ा करने नहीं आए हैं। 26 सितंबर को दिल्ली विधानसभा में तय हुआ था कि नवरात्र के पहले दिन 3 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी और भाजपा के सारे विधायक और मंत्री एलजी साहब से मिलने जाएंगे।