भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के बेटे एवं नगर के प्रमुख बिल्डिंग मेटरियल व हार्डवेयर व्यवसायी कृष्णराज वार्ष्णेय और उनके मुनीम अमित अग्रवाल की दुकान के पीछे बने कमरे में दम घुटने से मौत हो गई। कमरे में अलाव भी जल रहा था। ऐेसे में कमरे में आक्सीजन खत्म होने और जहरीले बनने मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दम घुटना आया है। हालांकि पुलिस और एंगल से जांच कर रही है। शोक में रविवार को बाजार बंद रहा।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बिशनचंद्र वार्ष्णेय का नगर में बिलि्ंडग मेटेरियल व हार्डवेयर का बड़ा कारोबार है, जिसे उनके छोटे पुत्र कृष्णराज संभालते थे। शनिवार रात कृष्णराज (48) मुनीम अमित अग्रवाल (28) पुत्र रमेशचंद्र निवासी बाजितपुर थाना नरौरा के साथ दुकान के पीछे एक कमरे में बैठे थे। काफी रात तक घर न पहुंचने पर साढ़े दस बजे कृष्णराज की पत्नी नीतू ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
उन्होंने अन्य कर्मियों व चौकीदार को बताया। परिवार के लोग चौकीदार के साथ कमरे में पहुंचे, लेकिन गेट अंदर से बंद था। चौकीदार ने खिड़की तोड़कर अंदर जाकर गेट खोला। कमरे में कृष्णराज व अमित अचेतावस्था में पड़े थे। दोनों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी और एएसपी देहात मनीष कुमार मिश्रा ने मौका मुआयना किया। डिबाई इंस्पेक्टर देवकीनंदन राजपूत ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में कमरे में जल रहे अलाव से बनी गैस के कारण मौत होना पाया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना आया है, हालांकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। इसलिए बिसरा प्रिरिजर्व कर लिया गया है। परिजनों ने मामले में तहरीर भी नहीं दी है।
- मनीष मिश्र, एसपी देहात