चलती कार में मोबाइल पर बात करने से मना करने पर टैक्सी चालक ने विदेशी दंपति के साथ गाली-गलौच और अभद्रता की।
रशियन दंपति ने मोदीनगर कोतवाली में इसकी शिकायत की तो पुलिस ने चालक को पकड़ लिया और दंपति को दूसरी कार से दिल्ली के लिए रवाना किया। तीव्र कार्रवाई देख दंपति ने कोतवाली पुलिस की प्रशंसा की।
मास्को (रूस) निवासी डेनफिल और पत्नी वीरा रोमो ऋषिकेश के एक आश्रम में गए थे। मंगलवार को दोनों टैक्सी से दिल्ली लौट रहे थे। दंपति ने बताया कि टैक्सी चालक चलती कार में लगातार मोबाइल पर बातचीत कर रहा था।
इसका विरोध करने पर चालक ने दंपति के साथ अभद्रता और गाली-गलौच की। यही नहीं टैक्सी चालक ने कोतवाली से करीब 50 मीटर की दूरी पर कार रोककर आगे जाने से इनकार कर दिया।
चालक के बर्ताव की शिकायत दंपति ने कोतवाली पुलिस से की। एसएचओ दीपक शर्मा ने दंपति की शिकायत पर तुरंत चालक को कोतवाली में बुलाया।
एसएचओ की मानें तो टैक्सी चालक के माफी मांगने पर दंपति ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद टैक्सी चालक को फटकार लगाकर छोड़ दिया गया है।
अमर उजाला से बातचीत में दंपति ने बताया कि वह रिटायर्ड टीचर है और तीसरी बार इंडिया घूमने आए थे। तीव्र कार्रवाई करने पर दंपति ने मोदीनगर पुलिस की प्रशंसा की।