दिल्ली के गरीब लोगों को महज 15 रुपए में भोजन उपलब्ध करवाने वाली अटल आहार योजना को एसडीएमसी ने रिमॉड्यूल करने का फैसला किया है। इस योजना के तहत एसडीएमसी के प्रत्येक जोन में किचनयुक्त मोबाइल वैन तैनात की जाएंगी। इतना ही नहीं सस्ती और स्वादिष्ट थाली में लोगों को पौष्टिक भोजन परोसा जाएगा।
अटल आहार योजना की शुरूआत पिछले वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में की गई थी। इस योजना का उद्देश्य पूरी दिल्ली में लोगों को सस्ता खाना मुहैया करवाना था, लेकिन कुछ ही जगहों पर इस योजना के तहत फूड वैन की सेवा शुरू की जा सकी। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की नेता सदन कमलजीत सहरावत ने कहा कि इस योजना का प्रभावी और बेहतर बनाने के लिए निगम काम कर रहा है।
अगले वित्तीय वर्ष में इस योजना के तहत पहले प्रत्येक जोन में पांच-पांच किचनयुक्त मोबाइल फूड वैन लगाई जाएगी। निगम की कोशिश है कि इन फूड वैन पर लोगों को महज 15 रुपए में रोटी, सब्जी, दाल, चावल, रायता और सलाद दिया जा सके।
निगम इस योजना के तहत निजी संचालकों को फूड वैन चलाने की जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रहा है। इन फूड वैन के लिए लोगों से निविदाएं मांगी जाएंगी और उसके बाद इनका टेंडर किया जाएगा। गरीब लोगों के हित के लिए चलाई जाने वाली इन फूड वैन के लिए यह शर्त रखी गई है कि ये फूड वैन सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर साढ़े 3 बजे तक आम लोगों को लंच मुहैया करवाएगी।
इसके बाद सायं 04 बजे रात 09 बजे तक इन वैन पर अन्य खाद्य पदार्थ बेचने की अनुमति होगी। निगम का कहना है कि इस वैन के 50 वर्ग फीट हिस्से का प्रयोग व्यावसायिक विज्ञापनों के लिए भी किया जा सकेगा। इस प्रयोग की सफलता के बाद सभी जोन में फूड वैन की संख्या बढ़ाई जाएगी।