दिल्ली में प्रदूषण (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
हवाओं की चाल कमजोर पड़ने से एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को गुरुग्राम को छोड़कर दिल्ली व इससे जुड़े शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 से ऊपर रहा। सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर फरीदाबाद रहा।
नोएडा व ग्रेटर नोएडा दूसरे नंबर पर रहे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि 31 दिसंबर को हवाओं की चाल बेहतर होने के बाद प्रदूषण छंट सकता है। इस बीच, यह गंभीर स्तर पर ही बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में हवा की चाल कम है। शनिवार को यह 10 किमी प्रति घंटे से नीचे रही। उधर, तापमान कम होने के साथ मिक्सिंग हाइट भी एक किमी से नीचे आ गई। इनके मिले-जुले असर से दिल्ली-एनसीआर में पैदा होने वाला प्रदूषण यहां की हवा में टिक गया है।
सीपीसीबी के मुताबिक, शनिवार को सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर फरीदाबाद रहा। इसका एक्यूआई 447 रिकॉर्ड किया गया। नोएडा व ग्रेटर नोएडा का सूचकांक 442 रहा। गाजियाबाद का एक्यूआई 430 और दिल्ली का 407 था। गुरुग्राम में एक्यूआई बेहद खराब 303 रिकॉर्ड किया गया।