पिछले कई दिनों से मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को जिले के फूड एंड सेफ्टी विभाग और जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तेल मिलों पर संयुक्त रूप से छापामारी की। टीम ने तेल के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया। विभाग की छापामारी के दौरान शहर के तेल मिल मालिकों व दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। कुछ दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर निकल गए।
जिला स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ. कमल मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कई दिनों से जिला स्वास्थ्य एवं फूड एंड सेफ्टी विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फिरोजपुर झिरका व आस-पास के इलाकों में सरसों के तेल सहित अन्य वस्तुओं में मिलावट का काम जोरों पर चल रहा है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को उक्त दोनों विभागों की एक टीम ने शहर की आधा दर्जन से अधिक तेल मिलों पर छापामारी की। इस बीच कुछ तो टीम के आने की भनक पाकर पहले ही अपनी दुकानों को समेट कर भाग निकले।
छापामारी के दौरान वार्ड नंबर तीन स्थित देशराज तेल मील व दीपक तेल मिल पर जाकर तेल के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया। डॉ. कमल मेहरा ने बताया कि जिले में मिलावटी सामान बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग द्वारा इन पर लगाम लगाने के लिए समय-समय पर छापामारी अभियान चलाकर मिलावट खोरी को जड़ से मिटाया जाएगा।
फूड एंड सेफ्टी विभाग के जिला अधिकारी एनडी शर्मा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति मिलावट की चीजें बाजार में बेचता है तो उसकी शिकायत सीधे विभाग से करें, ताकि समय रहते उस पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि टीम ने तेल मिलों से सैंपल प्राप्त कर लिए हैं। यदि इनमें कहीं भी कमी पाई तो इनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।