गुड़गांव के हीरो होंडा चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। योजना को अंतिम रूप देने को शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव संजीव कौशल ने फ्लाईओवर के लिए आवश्यक भूमि आदि उपलब्ध करवाने के साथ ड्रॉईंग को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी। एक पखवाड़े के भीतर इसके लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:फरवरी से बनने लगेगा न्यू यमुना ब्रिज
फ्लाईओवर के लिए आवश्यक भूमि की निशानदेही कर ली गई है। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया गया कि फ्लाईओवर के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए अंडरपास भी बनेगा।
इस चौक पर तीन स्तरीय आवागमन की व्यवस्था होगी। अलाईनमैंट में दिल्ली से जयपुर की तरफ जाते हुए फ्लाईओवर को 16 मीटर बाएं की तरफ किया गया है। इसके लिए हाईवे के साथ बनी 50 मीटर ग्रीन बेल्ट में से 20 मीटर जगह मांग की गई है।
श्री कौशल ने हुडा प्रशासक पी सी मीणा को हीरो होंडा चौक पर फ्लाईओवर बनाने के लिए आवश्यक भूमि से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने हाईवे के साथ पेयजल, सीवरेज, दूरभाष, गैस लाइन, बिजली की 66 केवी हाईटेंशन लाइन, 11 केवी लाइन को स्थानांतरित करवाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
यह भी पढ़ें: कैम्ब्रिज से एलिवेटेड रोड को IIT की मंजूरी
बीएसएनएल तथा प्राइवेट टेलीफोन कंपनियों के प्रतिनिधियों की बैठक हुडा प्रशासक द्वारा बुला कर उन्हें अपनी लाईनें फ्लाईओवर के राइट ऑफ वे से बाहर स्थानांतरित करने की हिदायत देने को भी बैठक में कहा गया। फ्लाईओवर के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग नोडल विभाग के तौर पर कार्य करेगा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता एन के तोमर को फ्लाईओवर के लिए आवश्यक जमीन के मालिकों की सूची तैयार करने की भी हिदायत दी गई। फ्लाईओवर के रास्ते में रोड़ा बने पेट्रोल पंप को स्थानांतरित करने का भी निर्णय लिया गया।
फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 15 दिन में टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू का निर्णय लिया गया। यह प्रक्रिया लोकसभा चुनाव घोषित होने से पहले शुरू करने को का कहा गया है। बैठक में श्री कौशल, उपायुक्त शेखर विद्यार्थी, हुडा प्रशासक पी सी मीणा, संयुक्त पुलिस आयुक्त भारती अरोड़ा के अलावा संबंधित विभागों के बड़े अधिकारियों ने भी भाग लिया।
ऐसा होगा फ्लाईओवर और अंडर पास
चौराहे पर आठ लेन का फ्लाईओवर बनाने के अलावा चार लेन का अंडरपास भी बनेगा। अंडरपास की चौड़ाई दोनों तरफ 9-9 मीटर की होगी। इसका प्रयोग स्थानीय वाहनों द्वारा सुभाष चौक की तरफ से पुराने गुड़गांव की तरफ जाने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा जमीनी स्तर पर सड़क का प्रयोग यातायात के मुड़ने के लिए किया जाएगा। फ्लाईओवर के दोनों तरफ सर्विस रोड होंगी।