- बच्चों के साथ करती थीं सफर, झगड़े के बहाने ध्यान भटकाकर पर्स समेत अन्य सामान चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। मेट्रो में यात्रियों के सामान चोरी करने वाले महिला गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मेट्रो पुलिस ने पांच महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिलाएं अपने बच्चों के साथ सफर कर साथी महिला यात्रियों से झगड़ा करती थीं। पीड़ितों का ध्यान भटकाकर पर्स सहित अन्य सामान चुरा लेती थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 44990 रुपये नकद और पैन कार्ड बरामद किया है।
दिल्ली मेट्रो के पुलिस उपायुक्त केपीएस मल्होत्रा के मुताबिक 9 अप्रैल को राजीव चौक और राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन के बीच ब्लू लाइन पर मेट्रो में यात्रा कर रही महिला का पर्स चोरी हो गया था। पर्स में 50 हजार रुपये नकद और पैन कार्ड था। राजा गार्डन मेट्रो पुलिस स्टेशन की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों को स्कैन किया और शिकायतकर्ता की हरकतों को ट्रैक किया। जब तक कि वह मेट्रो ट्रेन में सवार नहीं हुई। इसके बाद बोगी के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें दिखा कि पांच महिलाओं ने भीड़ में शिकायतकर्ता को चारों तरफ से घेरा हुआ था। उनमें से दो ने अपने गोद में शिशुओं को ले रखा था। इस दौरान आरोपी गिरोह ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही थीं। इस बीच, अन्य महिलाओं ने चुपके से उसके हैंडबैग से छोटा पर्स निकाला। सभी अगले मेट्रो स्टेशन आरके आश्रम मार्ग पर डिब्बे से उतरी। टीम ने उन्हें बाहर निकलते और ऑटो में सवार होते देखा। इसके बाद उस ऑटो की तलाशी ली और यह पता चला कि सभी आरोपी आनंद पर्वत के फरीदपुरी ट्रांजिट कैंप झुग्गी निवासी है। टीम ने 10 अप्रैल को आरोपी पांच महिलाओं को सुबह कनॉट प्लेस इलाके से गिरफ्तार कर लिया।