नई दिल्ली सिविल लाइंस में स्वामी सदानंद सरस्वती वेदांती जी महाराज जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर देश में प्रगति, विश्वशांति और लोक कल्याण के ध्येय से पांच दिवसीय श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। श्री गणपति सहस्त्रार्चन से पांच दिवसीय महायज्ञ प्रारंभ हुआ।
स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अरुण सिंह, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर महायज्ञ का शुभारंभ किया। पांच दिनों तक सुहासिनी महिलाओं, युवाओं, छात्रों के द्वारा श्री ललिता सहस्त्रनाम के 1000 मंत्रों का एक करोड़ बार पाठ किया जाएगा। कुमकुम के द्वारा माता ललिता का अर्चन किया जा रहा है।
स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि लोककल्याण ही जीवन का उद्देश्य होना चाहिए। सनातन का दायरा व्यापक है हम सबको भारत माता के वैभव के वृद्धि हेतु काम करना चाहिए।स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि आज पूरी दुनिया हमारे देश की ओर देख रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि यज्ञ से समाज का शुद्धीकरण होता है। स्वामी सदानंद सरस्वती वेदांती जी महाराज ने आजीवन समाज निर्माण हेतु काम किया था। सिंह ने कहा कि हमे मिलकर राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में काम करना है।
युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि सनातन धर्म सबका मूल है। श्री सिंह ने कहा कि हम देश निर्माण और गरीब कल्याण हेतु प्रयास कर रहे हैं। श्री सिंह ने कहा की युवा वर्ग को राष्ट्रनिर्माण के महायज्ञ में आगे आकर भाग लेना चाहिए।
भारत सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग के राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि भारत माता के वैभव को बढ़ाने हेतु सबको मिलकर काम करना है। साहू ने कहा कि धर्म हमे सही मार्ग पर चलना सिखाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि हिंदू से अच्छा दोस्त और हिंदुस्तान से अच्छा देश कोई नहीं हो सकता। हुसैन ने कहा कि भारत प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
महायज्ञ में पूर्व सांसद सकलदीप राजभर, दिल्ली के विधायक अजय महावर,अभय वर्मा, दिल्ली प्रदेश भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल, ब्रजेश राय, उमेश राय राहुल, रोहित चौधरी, डॉ. विनोद डोगरा आदि उपस्थित रहे।