रंजिशन युवक पर चाकू से हमला
पुरानी रंजिश के चलते आदर्श कॉलोनी के पास कुछ लोगों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने उसको एम्स में भर्ती करवाया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आदर्श नगर निवासी वीरसिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहता है और एक कंपनी में काम करता है। कुछ दिनों पहले उसका यहीरहने वाले विनोद के साथ विवाद हो गया था। वह आए दिन उसके साथ झगड़ा करता रहता है।
वीर सिंह का कहना है कि शनिवार रात वह किसी काम से जा रहा था, तभी घर के पास ही विनोद व प्रवीन गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे चाकू मार कर घायल कर दिया।
लूट की साजिश रचते दो गिरफ्तार
अपराध शाखा डीएलएफ टीम ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश लूट की किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
अपराध शाखा डीएलएफ के एएसआई ओमबीर के मुताबिक 4 अक्तूबर को सूचना मिली कि दो बदमाश गोंछी डिस्पोजल के पास लूट की साजिश रच रहे हैं। पुलिस की टीम ने छापा मारकर दोनों को दबोच लिया।
दोनों की पहचान ब्रिजेश कुमार व रनजीत के रूप में हुई। वे संजय कॉलोनी सेक्टर-23 के निवासी हैं। तलाशी के दौरान रनजीत के पास से एक देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस और ब्रिजेश के पास से रॉड बरामद की गई। अपराध शाखा की शिकायत पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर लिया है।
मारपीट में आठ लोग नामजद
कोतवाली थाना पुलिस ने मारपीट के आरोप में तीन लोगों सहित आठ लोगों को नामजद किया है। आरोपियों ने पीड़ित के साथ श्रीराम हॉस्पिटल तिकोना पार्क टाउन नंबर दो में मारपीट की है।
नंगला इंक्लेव पार्ट-1 निवासी शिव कुमार ने थाना कोतवाली को दी शिकायत में बताया कि दो अक्तूबर को उसके उमेश बैंसला, सुभाष, अरविंद पोसवाल और उसके अन्य सात-आठ साथियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की है और उसे जान से मारने की धमकी भी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार
अपराध शाखा बॉर्डर पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। एएसआई धर्मबीर के मुताबिक 4 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की बाइक बेचने फरीदाबाद क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने आईपी कॉलोनी के पास चेकिंग के दौरान छायंसा थाना क्षेत्र के गांव धुलेपुर निवासी जागीर सिंह को पकड़ा। थाना सेक्टर-31 में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भगोड़ा गिरफ्तार
थाना सेंट्रल पुलिस ने सेक्टर-12 टाउन पार्क के पास से एक भगोड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय ने वर्ष 2005 में भगोड़ा घोषित किया था।
थाना सेंट्रल के एएसआई ईश्वर सिंह को 4 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में एक भगोड़ा अपराधी आने वाला है। एएसआई ने सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क से बल्लभगढ़ की नवलू कॉलोनी निवासी मुकेश को धर-दबोचा। पूछताछ में पता लगा कि आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया था। जुलाई 2005 में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था।