दिल्ली में शुक्रवार को सुबह आठ बजे सम-विषम वाहन फार्मूला पार्ट-दो शुरू हो गया। पहले दिन दिल्ली नियम का पालन करती दिखी, लेकिन नियम तोड़ने वालों की संख्या पहले के मुकाबले बढ़ गई।
अकेले ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर एक बजे तक 511 चालान काटे। बॉर्डर पर वालिंटियर्स तैनात थे फिर भी बड़ी संख्या में सम नंबर की बाहर की गाड़ियां दिल्ली में आईं। इस बीच दिलशाद गार्डन से रिठाला की लाइन पर ओवरहेड वायर टूटने के कारण मेट्रो सेवा प्रभावित हुई।
स्थिति से निपटने के लिए डीटीसी की 10 बसें उस रूट पर उतारी गईं। इसकी वजह से 40 डिग्री तापमान के बीच यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। माना जा रहा है कि रामनवमी की छुट्टी के चलते पहला दिन हिट रहा।
इस बार पर्यावरण बसें भी 600 ही उतारी जा सकीं
ऑड-इवन फिर से
- फोटो : अनिल कुमार/अमर उजाला, नई दिल्ली
असली परीक्षा सोमवार को होगी। स्कूल खुलेंगे, डीटीसी की बसें दोपहर में स्कूल के बच्चों को लेने के लिए भी जाएंगी और दफ्तर जाने की मारामारी भी होगी। इसके ऊपर ऑटो-टैक्सी संगठनों ने हड़ताल की चेतावनी भी सोमवार के लिए दी हुई है।
इस बार पर्यावरण बसें भी 600 ही उतारी जा सकीं, जबकि पिछली दफे इनकी गिनती एक हजार थी। हालांकि इस बार वालिंटियर्स अधिक उतारे गए हैं, जिन्हें गर्मी से बचाने के लिए छतरी और पाली की बोतलें भी दी गईं थी।
भाजपा नेता और सांसद विजय गोयल ने कहा कि मैं सोमवार को 2000 रुपये का चालान कटवाकर ऑड-ईवन स्कीम का विरोध करूंगा। केजरीवाल सरकार ने अपनी फोटो और प्रचार के लिए अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये का गलत इस्तेमाल किया है। अगर यह योजना सफल थी तो सरकार ने इसे हमेशा के लिए लागू क्यों नहीं किया?
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार किए बिना जबरदस्ती बिना तैयारी के सरकार ऑड ईवन स्कीम थोप रही है। बसों की संख्या कम हो रही है, इस्तेमाल घट रहा है। कांग्रेस के शासनकाल के मुकाबले एक हजार से अधिक बसें कम हो गई हैं। डीटीसी की औसत कमाई घट रही है। फिर 20 हजार रुपये देकर नए नंबर मिल रहे हैं, इससे वाहनों की संख्या बढ़ेगी। दुपहिया की संख्या भी बढ़ेगी।
- अजय माकन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष