जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर की आठवीं मंजिल से बृहस्पतिवार दोपहर 20 वर्षीय छात्रा ने छलांग लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
छात्रा की शिनाख्त वेस्ट सागरपुर निवासी कविता (20) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बहन और पिता की मौत हो जाने के बाद से कविता डिप्रेशन में थी।
वह घर की आर्थिक स्थिति को देखकर नौकरी की तलाश में थी। फिलहाल पुलिस कविता के परिवार वालों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
पुलिस को मौके से युवती का मोबाइल फोन मिला
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि डिस्ट्रिक्ट सेंटर स्थित जनक प्लेस टावर टू की आठवीं मंजिल से एक युवती ने छलांग लगा दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को मौके से युवती का मोबाइल फोन मिला। युवती की शिनाख्त वेस्ट सागरपुर निवासी कविता के रूप में हुई।
उसके परिवार में मां भाई और छोटी बहन है
कविता पंजाबी बाग स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसके परिवार में मां भाई और छोटी बहन है। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि कविता सुबह दस बजे घर से निकली थी।
जांच में पता चला कि कविता के पिता और एक बहन की मौत पिछले डेढ़ साल के दौरान हो गई। बहन की मौत कैंसर की बीमारी से हुई थी। वहीं पिता की मौत स्वाभाविक हुई थी।
दोनों की मौत के बाद कविता डिप्रेशन में थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से कविता नौकरी की तलाश में थी।
छलांग लगाने से पहले हाथ की नस काटी
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि टावर की आठवीं मंजिल के बालकनी पर खून बिखरा हुआ है और वहीं कविता का मोबाइल फोन रखा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि पहले उसने नस काटकर जान देने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने उपर से छलांग लगा दी होगी।
अभी तक की जांच में पुलिस को पता चला है कि एयरपोर्ट पर काम करने वाले पिता कमल किशोर की मौत के बाद परिवार की सारी जिम्मेदारी उसकी मां संभाल रही थी। कविता भी अपनी मां का हाथ बंटाने के लिए नौकरी की तलाश में थी।
पुलिस उसके मोबाइल फोन की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक की जांच में डिप्रेशन की वजह से खुदकुशी करने की बात सामने आई है। लेकिन पुलिस हरेक पहलू पर जांच कर रही है।