ऑटो एक्सपो के पहले दिन जहां कॉम्पैक्ट कारें पेश की गईं, वहीं दूसरे दिन सुपर हैवीवेट बाइक्स का जलवा रहा। इनमें 1000 सीसी और उससे भी अधिक क्षमतावाले लगे इंजन ने सुपरबाइक के शौकीनों के लिए रफ्तार का नया रोमांच पेश किया है।
यामाहा ने अपने ब्रांड एंबेसडर जॉन अब्राहम की मौजदूगी में एमटी-09 पेश कर सबको हैरान कर दिया। कंपनी की ओर से सुपर बाइक की श्रेणी में यह नई पहचान है। उधर, दुनिया की सबसे ताकतवर इंजन की बाइक बनाने वाली कंपनी ट्रायम्फ ने भी दो बाइक लॉन्च कर ऑटो एक्सपो का आकर्षण चुराया। इंडियन मोटर ने भी अपनी दो बेहद लग्जरी बाइक पेश की है।
यामाहा एमटी-09
अपने चिरपरिचित दिलकश अंदाज में ब्लैक स्पोर्टी जैकेट पहने जॉन अब्राहम ने यामाहा एमटी-09 लॉन्च की। इस स्ट्रीट फाइटर स्टाइल की बाइक का इंजन 847 सीसी और 113 बीएचपी का है, जो 10 हजार आरपीएम टार्क पैदा करता है। इसमें 3 सिलेंडर लिक्विड कूल्ड 4 स्ट्रोक इंजन है।
सुपर फास्ट स्पीड के लिए 6 स्पीड ट्रांसमिशन दिया गया है। अगले टायर पर 298 मिलीमीटर वाली दो ब्रेक डिस्क और पिछले टायर पर 245 मिलीमीटर वाली सिंगल डिस्क दी गई है। एक्स शोरूम 10.20 लाख रुपये कीमत वाली इस बाइक का माइलेज 19 किलोमीटर प्रति लीटर होगा।
इन बाइक्स का भी रहा जलवा
ट्रायम्फ स्ट्रीट ट्विन और टी120बिट्रेन की एक दशक से ज्यादा पुरानी मोटरसाइकल कंपनी ट्रायम्फ ने ऑटो एक्सपो के दूसरे दिन 900 सीसी वाली स्ट्रीट ट्विन लॉन्च की। यूएसबी चार्जिंग प्वॉइंट के साथ क्रेनबैरी रेड, एल्यूमिनियम सिल्वर, जेट ब्लैक, मैट ब्लैक कलर में लॉन्च हुई इस बाइक की बुकिंग मार्च में शुरू हो जाएगी। इसकी कीमत 6.90 लाख रुपये है।
कंपनी ने दूसरा मॉडल टी120 लॉन्च किया है। ये 1200 सीसी की बाइक है। इसे जैड ब्लैक, प्योर व्हाइट, रेड लावा समेत छह रंगों में उतारा गया है। इसकी बुकिंग अप्रैल से शुरू होगी। इसकी कीमत 8.70 लाख रुपये है। कंपनी ने 1200 सीसी वाली थ्रक्सटन-आर पेश की है, जिसे जुलाई में लॉन्च किया जाएगा।
हीटर वाली रोडमास्टर और क्लासिक
कंपनी ने ऑटो एक्सपो के दूसरे दिन 1811 सीसी वी ट्विन इंजन वाली रोडमास्टर पेश की है। सिक्स स्पीड वाली यह लग्जरी क्रूजर है। इसमें लेदर सीट के साथ हीटर लगा है।
इसमें इंटीग्रेटेड ऑडियो सिस्टम, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, पाथफाइंडर एलईडी लाइट, रिमोट लॉकिंग और इलेक्ट्रिक रूप से एडजस्ट होने वाली विंडस्क्रीन लगी है। इस साल यह बाइक लॉन्च होगी। उम्मीद है कि इसकी कीमत 38 लाख के आसपास होगी। कंपनी ने इसके अलावा एक और मॉडल क्लासिक पेश किया है।