यूपी रोडवेज की चलती बस में आग लग गई। इससे बॉटनिक गार्डन के पास अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार किसी भी यात्री के झुलसने की कोई खबर नहीं है। बस में सवार सभी 15 यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। आग से बस पूरी तरह जल गई।
बॉटनिक गार्डन से परी चौक जाने वाली यूपी रोडवेज की बस डिपो से 15 यात्रियों को लेकर बुधवार दोपहर 3.15 बजे निकली। बस जैसे ही बॉटनिक गार्डन फुट ओवरब्रिज के पास पहुंची तो उसमें अचानक आग लग गई।
थोड़े ही देर में आग की लपटे फैलने लगीं। चालक ने फौैरन बस रोकी और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। इतनी देर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल गई।
सीएफओ एसके सिंह ने बताया कि आग पर दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे में काबू पा लिया। जाम लग जाने से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जांच में पता चला है कि बैटरी में शार्ट सर्किट हो जाने की वजह से बस में आग लगी। बस में सीएनजी किट लगी थी। एआरएम ग्रेनो अनुराग यादव का कहना है कि बस चालक, कंडक्टर और बस में सवार 15 यात्री सुरक्षित हैं। मामले की जांच की जा रही है।