सेक्टर-49 थाना अंतर्गत बरौला में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुए झगड़े को सुलझाने पहुंची पुलिस पर ही दोनों ने हमला कर दिया। इस दौरान पीसीआर सवार एक कांस्टेबल की उंगली भी टूट गई।
पुलिस ने दोनों को झगड़े के आरोप में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बरौला गांव में झगड़ा हो गया है। पीसीआर-17 मौके पर पहुंची तो पिता-पुत्र लड़ रहे थे।
दोनों को पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लिया और पीसीआर में बैठाकर थाने के लिए रवाना होने लगे। इतने में दोनों ने पीसीआर कर्मियों पर ही हमला बोल दिया। आरोप है कि कांस्टेबल का हाथ पकड़कर दोनों ने मोड़ दिया, जिससे उसकी उंगली टूट गई। मामला बढ़ता देख पीसीआर-17 के चालक ने फौरन सेक्टर-49 थाने को सूचना दी।
मौके पर आधा दर्जन पुलिसकर्मी पहुंचे और दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले आए। वहीं, घायल कांस्टेबल को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डीएसपी अरविंद यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।