दिल्ली में केशवपुरम के लॉरेंस रोड पर स्थित एक परफ्यूम की फैक्टरी में बृहस्पतिवार शाम अचानक आग लग गई।
आग में कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन दमकल की करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियां आग पर काबू करने का प्रयास कर रही है। आग फैक्टरी की बेसमेंट से शुरू हुई और ऊपर तक फैल गई।
पुलिस के अनुसार लॉरेंस रोड के जी ब्लॉक में नरेश जैन की परफ्यूम बनाने की फैक्टरी है। बताया जा रहा है कि यहां थीनर मिक्सिंग का काम भी होता है।
बृहस्पतिवार शाम सवा चार बजे अचानक बेसमेंट में आग लग गई। आग लगते ही वहां मौजूद मजदूर और कर्मचारी बाहर निकल गए और इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में आग प्रथम तल तक फैल गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की चार और गाड़ियां को मौके पर बुलाया गया। इसके बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
बाद में तीन अन्य गाड़ियों को घटनास्थल पर बुलाया गया। देर रात तक दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे हैं। दमकल अधिकारियों का कहना है कि प्रथम तल पर धुंआ निकलने की वजह से आग भड़कने की आशंका है और जिसे देखते हुए गाड़ियों को मौके पर ही रखा गया है।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक थीनर और कैमिकल का काम होने की वजह से आग तेजी से फैली है। उनके मुताबिक आग पर पूरी तरह से काबू पाने के बाद ही आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी मिल पाएगी।