बारापुला फ्लाई ओवर पर कार में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे स्थित रजोकरी फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह चलती कार में आग लग गई। आग लगने से एक्सप्रेसवे पर लगभग 10 किमी लंबा जाम लग गया। व्यस्त समय होने के कारण एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वाहन चालक करीब ढाई घंटे तक जाम से जूझते रहे। जाम के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना के बाद दिल्ली और गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन मंगाकर कार को सड़क किनारे लगा जाम खुलवाया। जानकारी के अनुसार विकास हुंडई एसेंट कैब से सवारी को लेकर मंगलवार सुबह गुरुग्राम जा रहा था। कैब सीएनजी चालित थी।
सुबह करीब पौने नौ बजे के करीब रजोकरी फ्लाईओवर पर कैब के बोनट से धुआं निकलने लगा। विकास ने कैब को साइड में रोक दिया। देखते ही देखते कैब आग की लपटों में घिर गई। कैब में पीछे सवारी बैठी हुई थी। विकास ने होशियारी दिखाते हुए सवारी को तुरंत नीचे उतार दिया। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी जब तक मौके पर पहुंचती तब तक कैब पूरी चल चुकी थी। कैब में आग लगने से किसी के हताहत होने के समाचार नहीं है। वसंतकुंज (साउथ) थाना पुलिस कैब में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा बारापूला फ्लाईओवर पर मंगलवार शाम को एक कार में आग लग गई। इस कारण बारापूला पर आश्रम से आईएनजी मार्केट की तरफ जाने वाले कैरिज्वे पर जाम लग गया था।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट के जरिए लोगों को बारापूला मार्ग से नहीं जाने की सलाह दी थी। यातायात निरीक्षक (हाईवे-1) राजेश कुमार के मुताबिक वाहन चालकों को कुछ देर परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि सूचना के बाद सभी प्रमुख प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात कर वाहनों को निकाल दिया गया। सरहौल टोल प्लाजा समेत प्रमुख प्वाइंटस पर ट्रैफिक पुलिस ने पुलिसकर्मियों की तैनाती कर वाहनों को निकाला। सुबह साढ़े ग्यारह बजे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम से राहत मिली।
साइबर हब में भी लगा जाम
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर जाम के बाद साइबर हब का ट्रैफिक भी प्रभावित हो गया। उद्योग विहार की ओर से जाने वाले अंडरपास में वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। वाहन चालक सुरेश कुमार ने बताया कि कई जगह वाहन चालक गलत दिशा में वाहन निकालते दिखे। इससे दूसरे वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। जाम के चलते लोगों को दफ्तर में पहुंचने में भी देरी हुई।