गोविंदपुरी थाना इलाके के तुगलकाबाद में इलेक्ट्रीकल्स सामान की दुकान में बृहस्पतिवार रात आग लगने से भीतर सोया 17 वर्षीय किशोर जिंदा जल गया। किशोर के परिजनों का आरोप है कि दुकानदार बाहर से ताला लगाकर गया था, इस कारण किशोर बाहर नहीं निकल पाया। उधर, पुलिस का कहना है कि दुकान का शटर बंद था, लेकिन ताला नहीं लगा था। पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है।
दक्षिण पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तुगलकाबाद की बंगाली कॉलोनी में मेन रोड पर संजय की इलेक्ट्रीकल्स सामान की दुकान है। यहां विप्लव सरकार उर्फ सन्नी (17) काम करता था। बृहस्पतिवार शाम को संजय उसे घर से बुलाकर ले गया था। आरोप है कि संजय विप्लव को दुकान में सुलाकर चला गया।
रात को दुकान में आग लग गई। इसमें सन्नी जिंदा जल गया। शुक्रवार सुबह 7 बजे पड़ोसी ने दुकान से धुआं उठता देखा तो सूचना मालिक संजय को दी। संजय ने दुकान खोली तो सन्नी शत-प्रतिशत जला मृत पड़ा था। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच के बाद आग के कारणों का पता नहीं लगा है।
बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। उधर, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि सन्नी की माता-पिता से कोई कहासुनी हो गई थी। इस कारण वह दुकान में ही सो गया था। दुकान में बाहर से ताला नहीं लगा हुआ था।