गाजीपुर लैंडफिल साइट पर रविवार सुबह आग लग गई। आग शाम होते-होते लैंडफिल साइट के एक बड़े हिस्से में फैल गई। आग से चारों ओर धुआं ही धुआं फैल गया। इसकी वजह से आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
शाम करीब 6.00 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और उन्होंने आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लैंडफिल साइट पर धुआं उठना लगातार जारी है। धुएं के कारण एनएच-24 से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी दिक्कत हुई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि रविवार को तेज हवा चलने के दौरान लैंडफिल साइट पर आग लग गई। मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन शुरुआत में उसे गंभीरता से नहीं लिया गया।