दक्षिण-पूर्व दिल्ली के मदनपुर खाद स्थित कंचनकुंज की झुग्गियों में सोमवर देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटे उठने लगी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
करीब दो घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे छोटे एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट होने लगे। झुग्गियों में लोगों ने कबाड़ के छोटे-छोटे गोदाम बनाए हुए थे। उसकी वजह से आग तेजी से भड़की। आग पर काबू पाने के बाद मंगलवार सुबह तक सर्च ऑपरेशन चला।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि रात करीब 2.30 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि कंचनकुंज की झुग्गियों में भीषण आग लग गई है। फौरन नजदीकी दमकल केंद्रों से वहां गाड़ियां भेजी गई। इस दौरान पुलिस भी वहां पहुंच गए। पुलिस व दमकल कर्मियों ने पहले वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
इसके बाद आग पर काबू पाने का काम शुरू हुआ। करीब पौने पांच बजे आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले एक झुग्गी में आग लगी थी। इसके बाद वह धीरे-धीरे बाकी झुग्गियों में भी फैल गई। लोगों को अपना सामान निकालने का मौका भी नहीं मिला। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि शार्ट सर्किट या बीड़ी-सिगरेट पीने की वजह से वहां आग लगी। कालिंदीकुंज थाना पुलिस आग की सही वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। आग के बाद से कई परिवारों के सिर से छत छिन गई है। इन लोगों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।