गुरुग्राम सेक्टर-52 में अवैध रूप से बसाई गईं झुग्गियों में आग लग गई। इस घटना में करीब 35 झुग्गियां व उनमें रखा सामान जल गया। बताया जा रहा है कि एक झुग्गी में खाना बनाने के दौरान आग लगी थी और इसके बाद अन्य झुग्गियों में भी यह आग फैल गई।
गुरुग्राम सेक्टर-52 के अंतर्गत वजीराबाद गांव के पास अवैध रूप से बसाई गईं झुग्गियों में शनिवार दोपहर करीब 12.15 बजे आग लग गई। झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। झुग्गियों में आग तेजी से फैलने पर उसे बुझाना काफी मुश्किल हो गया। ऐसे में अन्य फायर स्टेशन से भी दमकल गाड़ियां मंगवाई गईं।
विज्ञापन
इस घटना में करीब 35 झुग्गियां व उनमें रखा सामान जल गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार की दोपहर करीब 12.15 बजे एक झुग्गी में खाना बनाने के दौरान आग लगी थी और इसके बाद अन्य झुग्गियों में भी यह आग फैल गई। झुग्गियों में आग लगन से इनमें रह रहे परिवारों के सदस्य बाहर निकल गए थे। झुग्गियों में आग लगने के बाद यहां पर रखे छोटे सिलेंडर फटने लगे, जिससे अन्य झुग्गियों में भी तेजी से आग फैलती गई। देखते ही देखते कई झुग्गियों में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी।
विज्ञापन
वजीराबाद की झुग्गियों में आग लगने की सूचना करीब 12.30 बजे सेक्टर-29 फायर स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गई। सेक्टर-29 फायर स्टेशन से सब ऑफिसर नरेश कुमार ने बताया कि काफी झुग्गियों में आग लगी होने के कारण सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दो गाड़ियां, भीमनगर फायर स्टेशन, सेक्टर-37 फायर स्टेशन व उद्योग विहार फायर स्टेशन से एक-एक गाड़ी ओर भेजी गई। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे तक झुग्गियों में लगी आग बुझाई जा सकी।
सब ऑफिसर नरेश कुमार ने बताया कि झुग्गियों में लगी आग में किसी व्यक्ति के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। करीब 35 झुग्गियां व उनमें रखा सामान जल गया है। झुग्गियों में रखे कई छोटे सिलिंडर फट गए थे, जबकि बड़े सिलिंडर को पानी का छिड़काव करके बचा लिया गया।