बल्लभगढ़। गांव छांयसा में सामान खरीदने गए युवक के साथ मारपीट के बाद चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना छांयसा पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव छांयसा निवासी जितेंद्र ने शिकायत में बताया कि 4 अगस्त को रात करीब 8:45 बजे वह गांव की मार्केट में सामान खरीद रहा था। इसी दौरान पीछे से गांव के ही अर्जुन, कृष्ण उर्फ सुका और सोनू उसके पास पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा तो सोनू ने उसका रास्ता रोक लिया। इसी दौरान कृष्ण उर्फ सुका ने पीछे से उसकी गर्दन और कमर पर चाकू से वार कर दिया। शोर-शराबा होने पर मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बुधवार को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद