आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड बंद कराने के बहाने, टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर, रिफंड दिलाने और मोबाइल हैंग कर बैंक खाते खाली करने के नाम पर लोगों से लाखों की ठगी की वारदात को अंजाम दिया। साइबर अपराध बल्लभगढ़ और साइबर अपराध सेंट्रल थाना पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन मामलों में कुल 6 लाख 59 हजार रुपये से अधिक की ठगी हुई है। गांव लढोली निवासी शिवकुमार रावत से क्रेडिट कार्ड बंद कराने के बहाने 3 लाख 34 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए व्हाट्सएप पर लिंक भेजा, जिस पर कार्ड की जानकारी भरते ही आठ ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली गई। वहीं सेहतपुर अमर नगर निवासी मनीष कुमार का मोबाइल अचानक हैंग हो गया। कुछ देर बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खातों से यूपीआई के माध्यम से 70 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके अलावा सेक्टर-30 स्थित आईपी कॉलोनी निवासी स्वप्निल को टेलीग्राम पर निवेश का विज्ञापन दिखाकर तीन गुना मुनाफे का लालच दिया गया। व्हाट्सएप पर बातचीत के बाद निवेश, जीएसटी और अन्य शुल्क के नाम पर छह ट्रांजेक्शन में 1 लाख 4463 रुपये ठग लिए गए। वहीं सेक्टर-30 निवासी 71 वर्षीय रिटायर्ड एनएचपीसी कर्मचारी सुनील चोपड़ा ऑनलाइन ऑर्डर का रिफंड लेने के लिए गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोज बैठे। फर्जी प्रतिनिधि ने जीएसटी और टैक्स के नाम पर उनके और उनकी पत्नी के खाते से 1 लाख 49 हजार रुपये तीन किस्तों में ट्रांसफर करा लिए।