फरीदाबाद। एसजीएम नगर में दूध लेने जा रहे युवक के सिर पर मकान की छत से 200 लीटर का प्लास्टिक ड्रम गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक की गर्दन की हड्डी टूट गई। पीड़ित पिता ने पड़ोसी पर रंजिश के तहत जानबूझकर ड्रम गिराने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी शिकायत में राम कुमार शर्मा ने बताया कि उनका बेटा तनुज शर्मा 27 सितंबर को सुबह करीब 9:25 बजे स्कूटी से दूध लेने निकला था। तभी पड़ोसी की छत से अचानक प्लास्टिक का भारी ड्रम उसके सिर पर आ गिरा। इससे उसका सिर फट गया और गर्दन की हड्डी में फ्रैक्चर जैसी गंभीर चोटें आईं। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी राकेश कुमार राठौर ने यह ड्रम गिराया है। पहले भी गाड़ी निकालने को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच, गवाहों के बयान और अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 15 अक्तूबर को आरोपी राकेश कुमार राठौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद