निजी सेंटरों पर जाकर 200 से 500 रुपये करने पड़ रहे हैं खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल की एक्स-रे मशीन के खराब होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब मरीज एक्स-रे करवाने के लिए निजी सेंटरों के चक्कर लगा रहे हैं। बताया जा रहा है मशीन को दस साल पूरे हो गए हैं, इसलिए अब वह ठीक नहीं होगी।
बीके अस्पताल में रोजाना दो हजार मरीज उपचार करवाने के लिए आते हैं। जिसमें से 200 से अधिक मरीजों के एक्स-रे किए जाते हैं, जिनमें ज्यादातर हड्डी में फ्रैक्चर और फेफड़ों में संक्रमण के मामले होते हैं। पिछले एक सप्ताह से एक्स-रे मशीन खराब होने की वजह से मरीजों को परेशानी हो रही है। अब मरीज बाहर निजी सेंटरों पर जाकर 200 से 500 रुपये में एक्स-रे करवा रहे हैं।
10 साल हो गए हैं पूरे
कर्मचारी ने बताया कि एक्स-रे की मशीन की लाइफ 10 साल की है। इस मशीन को दस साल पूरे हो गए हैं। अब यह ठीक नहीं हो सकती है। इसलिए उच्च अधिकारियों को नई मशीन लगवाने के लिए डिमांड भेजी हुई है।
इमरजेंसी के लिए है पोर्टेबल मशीन
बीके अस्पताल की इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को अगर एक्स-रे करवाने की जरूरत होती है तो उसके लिए उनके पास पोर्टेबल एक्स-रे मशीन है। जिससे वह गंभीर मरीज का ही एक्स-रे करते हैं। अगर उस मशीन से आम मरीजों के एक्स-रे करने शुरू किए जाएंगे तो वह मशीन भी खराब हो सकती है इसलिए उससे सिर्फ गंभीर व इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के एक्स-रे किए जाते हैं।
लगा दिया गया है नोटिस
एक्स-रे मशीन खराब होने के चलते मरीजों को सूचना देने के लिए कमरे के बाहर नोटिस लगा दिया है। जिसमें लिखा हुआ है कि एक्स-रे मशीन खराब है। इसलिए मरीज अब डॉक्टर से उपचार लेने के बाद बाहर से एक्स-रे करवा रहे हैं।