ट्रिपल ए एप के जरिए डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने वाले मरीजों के लिए बनाया गया अलग दवा काउंटर
एनआईटी तीन नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शुरू की गई सुविधा
हेमलता
फरीदाबाद। ट्रिपल ए एप के जरिए डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने वाले मरीजों को अब दवा लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अस्पताल प्रशासन की ओर से ऐसे मरीजों के लिए अलग से दवा काउंटर बना दिया गया है। जहां से मरीज डॉक्टर को दिखाने के बाद बिना लाइन में लगे आसानी से दवा ले सकते हैं।
एनआईटी 3 नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रोजाना करीब 3000 से अधिक मरीज उपचार करवाने के लिए आते हैं। मरीजों को लंबी लाइनों में खड़ा होकर इंतजार नहीं करना पड़ा इसके लिए वह घर बैठे ही डॉक्टर से अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। यह सुविधा सभी मरीजों के लिए शुरू की गई थी। जिसका फायदा अभी कुछ ही मरीज उठा पा रहे हैं। इन मरीजों को बिना लाइन में लगे तुरंत प्रभाव से ओपीडी कार्ड बना दिया जाता है, ताकि वह डॉक्टर से जल्द से जल्द उपचार ले सके। कई बार डॉक्टर से उपचार लेने के बाद उनको दवा लेने में परेशानी होती थी। उसी परेशानी को देखते हुए अब इन मरीजों के लिए अलग से दवा काउंटर बना दिया गया है। इस काउंटर का अलग से ही टोकन नंबर दिया जाता है। जिससे कि अन्य कोई भी मरीज इस काउंटर से दवा नहीं ले पाएगा।
ओपीडी कार्ड पर लिखा जाता है ट्रिपल ए
जब एप के जरिए ओपीडी कार्ड बनवाया जाता है तो कर्मचारियों की ओर से उसके ऊपर ट्रिपल ए लिखा जाता है। ताकि उन मरीजों को प्राथमिकता के तौर पर डॉक्टर देख सकें और तुरंत उपचार मिल सके। एप के इंचार्ज डॉक्टर मोहित ने बताया कि ट्रिपल ए एप की सुविधा मरीजों की लाइन को कम करने के लिए शुरू की गई थी। उनके अस्पताल में हर रोज करीब 500 से अधिक मरीज ट्रिपल ए एप के जरिए पहुंच रहे हैं। यह संख्या अभी कम है, लेकिन उनकी ओर से समय-समय का ट्रिपल ए एप को लेकर जागरूक किया जाता है। ताकि मरीज बिना लाइन में लगे आसानी से उपचार ले सकें।
-
मरीज को बेहतर सुविधा देने के लिए उनकी ओर से हर मुमकिन कोशिश की जा रही है। उनकी ओर से ट्रिपल ए एप के मरीजों के लिए अलग से दवा काउंटर शुरू किया गया है। - डॉक्टर अनिल कुमार पांडे , डीन ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल