संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। राजमार्ग पर पुलिस ने गोरक्षा दल के सदस्यों की मदद से ट्रक से 19 गोवंश बरामद किए। उक्त गोवंश को यूपी के जिला मथुरा की तरफ से मेवात( नूंह) तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो गोतस्करों को भी काबू किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोतस्कर बंद बॉडी के ट्रक में यूपी के कोसीकलां की तरफ से गोवंश को ट्रक में भरकर मारने के लिए नूंह ले जाएंगे। सूचना मिलते ही पुलिस व गोरक्षा दल के सदस्य बताए गए स्थान पर पहुंच गए।
पुलिस टीम ने राजमार्ग पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। उसी दौरान पुलिस ने कोसीकलां की तरफ से आ रहे एक ट्रक चालक को जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो पुलिस टीम व गोरक्षा दल के सदस्यों को देखकर दो आरोपी वाहन को छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम व सदस्यों ने आरोपियों को काबू कर लिया। ट्रक की जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक से 19 गोवंश (बैल) बरामद किए। पुलिस टीम ने गोवंश को शहर में स्थित श्रीकृष्ण चौबीसी गोशाला में छुड़वा दिया। थाना प्रभारी मोहम्मद इलियास ने बताया कि गोरक्षा दल के सदस्यों की शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जाएगी।