संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मोटरसाइकिल से अपने पति के साथ चंदावली दवा लेने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद डंपर महिला के ऊपर से निकल गया। इस हादसे में पति गंभीर रूप से घायल हो गया। डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
प्रेमनगर निवासी समीन ने बताया कि उनकी कपड़ाें की दुकान है। शुक्रवार की सुबह वह पत्नी रुकसाना (32) के साथ मोटरसाइकिल से दवा दिलाने के लिए गांव चंदावली जा रहे थे। गांव चंदावली के गेट के पास तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने ओवरटेक करके उनकी मोटरसाइकिल के पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दंपती मोटर साइकिल से गिर गया। जिसके बाद डंपर उनकी पत्नी रुकसाना के पेट के ऊपर से गुजर गया। इस हादसे में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने रुकसाना को मृत घोषित कर दिया। डंपर चालक मौके पर डंपर को छोड़कर फरार हो गया। थाना सदर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।