संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जमीन से कब्जा हटाने के लिए कहने पर दबंगों ने किसान के साथ मारपीट कर फायरिंग कर दी। पीड़ित के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चांदहट थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
चांदहट थाना प्रभारी दलबीर सिंह के अनुसार गांव लुलवाड़ी निवासी बिजेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई है कि प्रेमराज, आकाश व मोहित ने उसकी एक एकड़ जमीन पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया। वह जब कब्जा हटाने की बात कहता है तो उसके साथ गलत व्यवहार कर झगड़ा करते हैं। इस संबंध में उसने चांदहट थाने में शिकायत दी थी, जिस पर दबाव देकर राजीनामा करा लिया। आरोपियों ने 16 अप्रैल को जमीन से कब्जा हटाने की बात कही थी, लेकिन आरोपियों ने राजीनामा के अनुसार कब्जा तो हटाया नहीं, बल्कि देर शाम जब वह अपने खेत में पानी देने गया तो प्रेमराज, आकाश, मोहित व अंकित ने उसे खेतों पर घेरकर लाठी, डंडों व सरिया से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित आरोपियों से बचकर गांव की तरफ भागा तो उन्होंने उसे जान से मारने की नीयत से अवैध हथियार से गोली चला दी। गोली पीड़ित के हाथ में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने का शोर सुनकर गांव के लोग आने लगे तो आरोपी उसके मोबाइल फोन को लूटकर व जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।