फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी को स्वच्छता की श्रेणी में बेहतर बनाने के लिए नगर निगम उद्यमियों का सहयोग लेगा। इसके लिए कोई भी उद्यमी सीएसआर योजना के तहत वार्डों को गोद ले सकता है। गोद लिए वार्ड में साफ-सफाई की पूरी जिम्मेदारी उद्यमी की होगी। इससे शहर को साफ स्वच्छ रखने में काफी सहायता मिलेगी।
शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने का काम फिलहाल ईकोग्रीन कंपनी के पास है। हालांकि इसके बाद भी लोग कूड़ा इधर-उधर फेंकते हैं। गलियों में सफाई के लिए नगर निगम कर्मचारी नियुक्त हैं, बावजूद इसके कई इलाकों में लोगों की शिकायत रहती है कि उनके यहां सफाई कर्मी नहीं आते हैं। गलियों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। इससे जहां शहर की सुंदरता पर दाग लगता है वहीं लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए नगर निगम ने उद्यमियों को आगे आकर सहयोग करने की अपील की है। यह कार्य सीएसआर स्कीम के तहत किया जाएगा। सीएसआर स्कीम के तहत उद्योगों को हर माह सामाजिक कार्यों के लिए एक फंड खर्च करना पड़ता है। इस फंड को अब शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में खर्च किया जाएगा।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव का कहना है कि शहर को साफ स्वच्छ बनाने के लिए उद्यमियों से सहयोग की अपील की गई है। उद्यमी अपने-अपने वार्डों को गोद लेकर वहां साफ-सफाई का जिम्मा ले सकते हैं।