सरपंच ने बताया पुरानी घटना, सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर दी सफाई
दाह संस्कार के दौरान हादसा बताकर वायरल किया गया वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव छांयसा स्थित पल्टू पुल के पास बने श्मशान घाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दाह संस्कार के दौरान जल रही चिता के ऊपर लगा शेड झुका हुआ है और उसका कुछ हिस्सा नीचे गिरा हुआ दिखाई दे रहा है।
छांयसा गांव के सरपंच राजेश कुमार ने इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह वीडियो हाल का नहीं बल्कि करीब 5 से 6 दिन पुराना है। उन्होंने कहा कि वीडियो में जिस तरह इसे दाह संस्कार के दौरान हुआ अचानक हादसा बताया जा रहा है, वास्तविकता उससे अलग है।
सरपंच के अनुसार श्मशान घाट का यह हिस्सा पहले से ही जर्जर स्थिति में था और वहां मरम्मत व निर्माण कार्य चल रहा है। पिछले वर्ष यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण श्मशान घाट परिसर में भारी जलभराव हुआ था, जिससे दीवारों और कई संरचनाओं को नुकसान पहुंचा था। यह श्मशान घाट लगभग वर्ष 2010 के आसपास बनाया गया था और समय के साथ अब इसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां पहले से ही दाह संस्कार करने पर रोक लगाई गई थी और नोटिस भी लगाए गए थे। लोगों को निर्देश दिया गया था कि मरम्मत पूरी होने तक उस स्थान का उपयोग न किया जाए और परिसर के अन्य हिस्सों में अंतिम संस्कार किया जाए।
इसके बावजूद लगभग 5-6 दिन पहले प्रजापति समाज के एक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार उसी स्थान पर कर दिया गया, जिसके दौरान आग की तेज तपन से ऊपर लगा लोहे का शेड का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। घटना के समय वहां मौजूद लोग पहले ही वहां से जा चुके थे।
सरपंच ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और पंचायत टीम मौके पर पहुंची और गिरे हुए सभी टुकड़ों को हटवाया गया। साथ ही उस स्थान को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस संबंध में खंड पंचायत अधिकारी को पत्र भेजकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की गई है।