संदिग्ध हालात में कमरे में मृत मिले दो युवक
थाना सेक्टर-58 इलाके का सीकरी का मामला, दोनों के मुंह और नाक से निकल रहा था तरल पदार्थ और झाग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना सेक्टर-58 इलाके के सीकरी में पुलिस ने एक कमरे से दो युवकों के शव बरामद किए हैं। रविवार रात दोनों खाना खाकर सोए थे। सोमवार सुबह दोनों मृत अवस्था में मिले। दोनों के मुंह और नाक से तरल पदार्थ और झाग निकल रहा था। मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
प्याला निवासी होशियार सिंह ने बल्लभगढ़ से गदपुरी तक बीएसएनएल की लाइन बिछाने का ठेका ले रखा है। मजदूरों के रहने और सामान रखने के लिए उन्होंने सीकरी में एक बड़ा शेड किराये पर लिया है। यहीं पर उसका कार्यालय भी है। उत्तर प्रदेश के संभल निवासी भूरे (20) और रिंकू (20) यहां पर मजदूरी करते हैं। रविवार रात दोनों खाना खाने के बाद कमरे में सो गए। सुबह काफी देर तक दोनों ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों मृत मिले। थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।