- डीसीपी एनआईटी कुलदीप सिंह ने पुलिस अधिकारियों, वन व माइनिंग विभाग, सरपंचों के साथ की बैठक
युवाओं को सिरोही झील न जाने के लिए जागरूक, झील के आसपास लगाए जाएंगे होर्डिंग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सिरोही झील पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए दो सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही नियमित पुलिस गश्त की जाएगी। बृहस्पतिवार को यह आदेश डीसीपी एनआईटी कुलदीप सिंह ने पुलिस टीम व अन्य सरकारी विभाग अधिकारियों के साथ सिरोही झील का दौरा करने के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए झील के आसपास होर्डिंग लगाए जाएंगे।
धौज थाना क्षेत्र स्थित सिरोही झील में डूबने से एक सप्ताह में तीन युवकों की मौत हो गई। पिछले दिनों हुई मौत के बावजूद दिल्ली एनसीआर से अनेक लोग झील में नहाने पहुंच रहे हैं। इनमें युवाओं की संख्या अधिक है। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से डीसीपी एनआईटी कुलदीप सिंह, एसीपी मुजेसर महेश श्योराण, एसएचओ धौज शिव चरण, सिरोही झील पर वन विभाग व माइनिंग विभाग के अधिकारी, आसपास गांव के सरपंच सहित अनेक व्यक्तियों के साथ बैठक की। लोगों को उस झील के पास न जाने व उसमें न नहाने बारे जागरूक किया। जगह-जगह पर झील में न जाने बारे होर्डिंग लगवाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामवासी आसपास ध्यान रखें और यदि कोई व्यक्ति बाहर से यहां झील देखने आता है तो उसे पहले ही सतर्क कर दें कि यह झील काफी गहरी है। इसमें नहाना खतरे से खाली नहीं है। इसलिए इसके अंदर न जाएं। झील पर दो सुरक्षा कर्मी तैनात करने के भी आदेश दिए। इसके साथ ही पुलिस कर्मी नियमित रूप से झील पर गश्त करेंगे।