फरीदाबाद मेवला महाराजपुर रेलवे अंडर पास में लगा जाम । स्रोत: वाहन चालक
सड़क निर्माण की वजह से वन-वे ट्रैफिक चल रहा
फरीदाबाद। मेवला महाराजपुर अंडरपास के पास सड़क निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक वनवे किए जाने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। सुबह और शाम पीक आवर में यहां वाहनों का दबाव बढ़ने से ट्रैफिक रेंग रहा है। शुक्रवार रात को नौकरीपेशा लोगों की छुट्टी के समय वाहनों की संख्या बढ़ी तो स्थिति और बिगड़ गई। रात तक यहां करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जाम के कारण दिल्ली-आगरा हाईवे की ओर जाने और वहां से आने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। कई वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े। हालात यह रहे कि देर रात तक यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका।
जाम की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित कराने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर उतरकर वाहनों को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन सड़क निर्माण के कारण सीमित जगह होने से समस्या बनी रही। पीक आवर में वाहनों का दबाव अधिक होने के चलते पुलिस की मशक्कत के बावजूद ट्रैफिक की रफ्तार सामान्य नहीं हो सकी।
सेक्टर-31 निवासी अभिषेक ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जाना चाहिए, ताकि सुबह-शाम जाम की स्थिति न बने। यहां स्थाई तौर पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाई जानी चाहिए।