फरीदाबाद। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार को हाईवे स्थित एनएचपीसी चौक के पास खड़े कैंटर में मोटरसाइकिल टकराने से युवक की मौत हो गई। हादसे में मृतक के दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव मोलड़बंद दिल्ली निवासी सूरज के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में आपरेटर के पद पर कार्यरत था। पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे फैक्ट्री से छुट्टी होने के बाद छतरपाल के साथ मोटरसाइकिल से बड़खल की तरफ जा रहा था। दूसरी मोटरसाइकिल पर सूरज, संतोष व राहुल चल रहे थे। सेक्टर-28 मेट्रो स्टेशन के पास एक कैंटर सड़क के बीच में खड़ा था। कैंटर चालक ने कोई रिफ्लेक्टर नहीं लगाया हुआ था। सूरज की मोटरसाइकिल उससे टकरा गई। हादसे में सूरज, संतोष व राहुल को गंभीर चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए बादशाह खान अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया। इस दौरान सूरज की मौत हो गई। राहुल व संतोष को सेक्टर-नौ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं ग्रेटर फरीदाबाद स्थित बीपीटीपी रोड पर टहलने के दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बुढ़ैना निवासी पतराम के रूप में हुई है। भतीजे आनंद ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई को बीपीटीपी रोड पर किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दो दिन बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।