शेयर मार्केट में निवेश करने पर मुनाफा कमाने का झांसा देकर दिया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 49 लाख 48 हजार रुपये की ठगी के मामले में खाताधारक और खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियाें की पहचान सुखदेव (25) निवासी गोपाल पुरा जिला मुरैना मध्य प्रदेश व सिद्धार्थ सिंह (27) निवासी मेहगांव जिला भिण्ड मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी सिद्धार्थ सिंह एक प्राइवेट स्कूल में प्रिंसिपल है और सुखदेव चालक का काम करता है।
साइबर थाना सेंट्रल में आई पी कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने दी शिकायत में आरोप लगाया कि 10 दिसंबर 2024 को उसके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करने के लिए एक इनविटेशन कोड भेजा और ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा करवाने के बारे में कहा। शिकायतकर्ता ने लालच में आकर उनके पास विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 49 लाख 48 हजार रुपये विभिन्न खातों में भेज दिए। जिसके बाद ठगों ने नंबर बंद कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि सिद्धार्थ सिंह खाता धारक है। जिसके खाते में ठगी के 10 लाख 10 हजार रुपये आये थे और सुखदेव ने इसका खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। आरोपियों को अदालत में पेश कर सिद्धार्थ सिंह को जेल भेजा गया तथा सुखदेव को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।