मुजेसर थाने में 12 अक्तूबर को दर्ज हुई थी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुजेसर थाना में दर्ज लड़ाई-झगड़े व हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में संजय कॉलोनी के रहने वाले विकास शर्मा व भोला शामिल हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता दिनेश संजय कॉलोनी में जागरण में गया था। वहां आरोपी भोला की दिनेश के साथ कहासुनी हो गई। जब दिनेश वहां से जाने लगा तो आरोपी भोला ने अपने भाई विकास व अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका पीछा किया और रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।
मामले में गोच्छी जीवन नगर के रहने वाले दिनेश ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि 11 अक्तूबर की रात को वो अपने दोस्त के साथ संजय कॉलोनी से आ रहा था। तभी रास्ते में 15-20 लड़कों ने उनका रास्ता रोक कर लाठी डंडों से पीटा। इसमें उसे गंभीर चोट लगी। घायल हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुजेसर थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।