- पोस्टमार्टम के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया
- सड़ी-गली अवस्था में मिला
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के चालक का शव आईएमटी की झाड़ियों में शुक्रवार सुबह सात बजे मिला। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। चालक छह दिन से संदिग्ध हालात में लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज मेवात भेज दिया है।
जिला रामपुर यूपी निवासी बबलू ने बताया कि छोटा भाई विंकल (31) शकील ट्रांसपोर्ट की कंपनी में चालक था। विंकल नौ माह से कंपनी में काम कर रहा था। 22 जुलाई को सामान लेकर आईएमटी आया था। 23 जुलाई की शाम को फोन पर संपर्क किया तो विंकल का मोबाइल बंद मिला। जिसके बाद ट्रांसपोर्ट के मालिक शकील अहमद से संपर्क किया, तो उसने बताया कि आईएमटी गया हुआ है। विंकल का ट्रक, सेक्टर 68 में खड़ा मिला, लेकिन भाई के बारे में जानकारी नहीं मिली। 26 जुलाई को थाना सदर में विंकल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। थाना सदर प्रभारी महेंद्र पाठक ने बताया कि 28 जुलाई की सुबह उन्हें सूचना मिली कि शव आईएमटी की झाड़ियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची तो शव की पहचान विंकल के रूप में हुई। शव पूरी तरह से सड़ी गली अवस्था में था। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
सिक्योरिटी गार्ड के साथ जाता दिखाई दिया
भाई बबलू ने बताया कि कंपनी के गेट व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। इसमें कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड की बाइक पर विंकल कंपनी से बाहर जाता दिख रहा है है। उसने सिक्याेरिटी गार्ड पर शक जताया है। पुलिस सभी बातों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।